विद्या ज्योति स्कूल के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जलवा, रक्षा कुमारी व स्मिता दास ने जीते स्वर्ण पदक

SHARE:

सरायकेला संवाददाता
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय कराटे फेडरेशन गेम्स में विद्या ज्योति स्कूल, गम्हरिया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य और जिले को गौरवान्वित किया है। इस प्रतियोगिता में स्कूल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु व भार वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 2 स्वर्ण, 1 रजत एवं 5 कांस्य पदक अपने नाम किए।

स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया स्कूल का मान

विद्यालय की होनहार खिलाड़ी रक्षा कुमारी (13 वर्ष आयु वर्ग), जो वरिष्ठ साथी श्री विजय साव जी की पुत्री हैं, ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं सीनियर वर्ग में दमदार मुकाबले में स्मिता दास ने अपने शानदार तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों समेत पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

जूडो-कराटे संघ द्वारा नकद पुरस्कार

खिलाड़ियों की बेहतरीन उपलब्धि को देखते हुए झारखंड राज्य कराटे फेडरेशन की ओर से स्मिता दास को 3000 रुपये एवं रक्षा कुमारी को 2000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की श्रेणी में शामिल कर विशेष सम्मान दिया गया।

नौ खिलाड़ियों ने किया झारखंड का प्रतिनिधित्व

जानकारी के अनुसार यह राष्ट्रीय स्तरीय कराटे प्रतियोगिता 6 एवं 7 दिसंबर को सन वैली पब्लिक स्कूल, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से सैकड़ों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। झारखंड की ओर से विद्या ज्योति स्कूल, गम्हरिया के 9 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी मेहनत, अनुशासन व कौशल का शानदार परिचय देते हुए पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया।

विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई

विद्यालय प्रबंधन समिति, प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने बताया कि स्कूल में खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।

Leave a Comment