केंदाड़ी में जंगली हाथी का कहर, खलिहान गए ग्रामीण की मौत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasha : आनंदपुर प्रखंड के बिंजू पंचायत स्थित रुंघी गांव के केंदाड़ी टोला में शुक्रवार शाम एक जंगली दंतैल हाथी के हमले में 55 वर्षीय सेम लुगुन की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना करीब शाम 6 बजे की है, जिसने पूरे गांव में दहशत फैला दी।

खलिहान पहुंचते ही हाथी ने किया हमला

सूत्रों के मुताबिक, सेम लुगुन हमेशा की तरह अपने खलिहान की ओर गए थे, तभी अचानक झाड़ियों से निकले एक दंतैल हाथी ने उन पर हमला कर दिया। घायल सेम लुगुन ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने अपनी सूंड से उठाकर उन्हें करीब 10 से 20 फीट दूर फेंक दिया और पैर से सिर कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हमले के दौरान हाथी की जोरदार गर्जना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद हाथी जंगल की ओर लौट गया।

वन विभाग ने दी तात्कालिक सहायता

घटना की जानकारी मिलते ही बिंजू पंचायत की मुखिया ज्योति सिंह ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। सूचना पर आनंदपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी तरुण सिंह ने वनरक्षियों को घटनास्थल भेजा। मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि दी गई। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की ओर से पटाखे और टॉर्च भी बांटे गए।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

शनिवार सुबह आनंदपुर पुलिस केंदाड़ी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर चक्रधरपुर भेज दिया। दुर्घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने हाथियों की लगातार आवाजाही पर चिंता जताई है और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें