Adityapur : सरायकेला-खरसावां। चौका थाना क्षेत्र में शनिवार को थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई और चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
जांच अभियान में ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), इंश्योरेंस सहित सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। जिन लोगों ने सीट बेल्ट या हेलमेट का उपयोग नहीं किया था, उन्हें नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
वाहनों पर लगे काले शीशे (ब्लैक फिल्म) की भी जांच की गई। जिन वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगी पाई गई, उन्हें तुरंत हटाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों पर विशेष निगरानी रखते हुए कई वाहनों की ब्रीथ एनालाइज़र से जांच की गई।
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने अभियान के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का पालन करें और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग न केवल व्यक्ति की जान बचाती है, बल्कि परिवार और समाज की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।









