उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सुना जनता का हाल, साप्ताहिक जनता दरबार में भूमि विवाद से लेकर आधार व राशन संबंधी मामलों पर हुई कार्रवाई

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : सरायकेला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपने-अपने मुद्दों को उपायुक्त के समक्ष रखा, जिनमें प्रमुख रूप से भूमि विवाद, गम्हरिया प्रखंड के जगन्नाथपुर पंचायत में नाली एवं सड़क निर्माण, झार-सेवा आई.डी उपलब्ध कराने, सरायकेला के मुरूप खेल मैदान का बंदोबस्ती रद्द करने, अनुकम्पा आधारित नियुक्ति, और राशन कार्ड में नाम जोड़ने से जुड़े आवेदन शामिल थे।

उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि आमजनों को अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय या अन्य कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर नियमित जनता दरबार आयोजित किए जाएं, ताकि समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सके।

जनता दरबार में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और मौके पर ही कई आवेदनों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.