कुचाई में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की बाइक, ट्रैक्टर इंजन और देशी कट्ठा बरामद

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना अंतर्गत दलभंगा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को वाहन चेकिंग के दौरान एक अहम सफलता हासिल की। संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़े गए दो युवकों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें, एक चोरी का ट्रैक्टर इंजन, एक देशी कट्ठा और एक जिंदा गोली बरामद की गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।

नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस ने सुपर स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका। कागजात मांगने पर दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने बाइक चोरी की होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी निशानदेही पर एक और चोरी की बाइक तथा ट्रैक्टर इंजन बरामद किया।

पूछताछ के दौरान युवकों ने हथियार रखने की बात भी कबूल की, जिसके बाद पुलिस ने उनके द्वारा छिपाकर रखे गए देशी कट्ठा और एक जिंदा गोली को भी जब्त कर लिया।

कुचाई थाना में दो अलग-अलग कांड संख्या—47/2025 और 48/2025—के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंगल मुंडा उर्फ चोडे (उम्र 23 वर्ष, निवासी कोरवा, थाना अड़की, जिला खूंटी) के रूप में हुई है। दूसरा आरोपी नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है।

इस कार्रवाई का नेतृत्व सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सेवईया ने किया। उनके साथ सरायकेला सर्किल इंस्पेक्टर नितिन कुमार सिंह, कुचाई थाना एवं दलभंगा ओपी पुलिस टीम के अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस अब चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.