Manoharpur:पश्चिम सिंहभूम जिले के अति-संवेदनशील सारंडा जंगल क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक जोरदार IED विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। कोलबंगा के लेबरागढ़ा जंगल इलाके में हुए इस विस्फोट में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि 16 वर्षीय फूलो घनवार की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
पुलिस के अनुसार, करीब 15 से 20 ग्रामीण जंगल से पत्ता चुनकर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में छुपाए गए IED पर पैर पड़ते ही धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में आकर बिरसी घनवार (35) और सालिमी घनवार (30), दोनों कोलबंगा निवासी, गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से दोनों घायलों को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबलों की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंद कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED का नतीजा हो सकता है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने जंगल में सुरक्षा व्यवस्था और लगातार हो रहे IED घटनाओं पर चिंता जताई है।









