सरायकेला-खरसावां : प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के तीसरे कार्यकाल का शुभारंभ, उपायुक्त ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

SHARE:

सरायकेला।
सरायकेला-खरसावां जिला के एकमात्र मान्यता प्राप्त पत्रकार संगठन प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के तीसरे कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को गरिमामय माहौल में की गई। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने नए पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। गौरतलब है कि मनमोहन सिंह राजपूत लगातार तीसरी बार प्रेस क्लब के अध्यक्ष निर्वाचित किए गए हैं। वर्ष 2021 में स्थापना के बाद से संगठन जिले में पत्रकार हितों की सुरक्षा व समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहा है।

उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में स्वतंत्र, निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का आईना होते हैं, इसलिए किसी भी दबाव या दुर्भावना से प्रेरित पत्रकारिता समाज के लिए घातक है। उन्होंने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया और प्रेस क्लब के तीसरे कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।
(बाइट – नीतीश कुमार सिंह, उपायुक्त)

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि पूरे जिले के पत्रकारों को संगठित एवं अनुशासित रूप में देखना एक सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि कई गंभीर और जटिल समस्याओं के समाधान में पत्रकार और पुलिस का आपसी तालमेल अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
(बाइट – मुकेश कुमार लुणायत, पुलिस अधीक्षक)

इस दौरान अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने संगठन की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने पुलिस-प्रशासन और सरकार के कल्याणकारी योजनाओं में पत्रकारों की साझी भागीदारी सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया कि चांडिल अनुमंडल में पत्रकारों के लिए भवन उपलब्ध कराई जाए।

कार्यक्रम के दौरान सम्मानित अतिथियों में गम्हरिया सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी, पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, सिनी ओपी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद, सरायकेला नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, महासचिव मनोज कुमार चौधरी एवं समाजसेवी सुमित चौधरी शामिल रहे। सभी अतिथियों को पारंपरिक रूप से पौधा, शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों को प्रमाणपत्र एवं उपहार भी प्रदान किए गए।

समारोह का विशेष आकर्षण सरायकेला की प्रसिद्ध छऊ नृत्य प्रस्तुति रही, जिसने अतिथियों और उपस्थित पत्रकारों का मन मोह लिया।


Leave a Comment