Adityapur:आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित महिंद्रा आल्फा मोटर्स शोरूम में मंगलवार दोपहर अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार, श्री डूंगरी निवासी महादेव महतो ने शोरूम परिसर में अपने ही जीजा देवराज महतो पर अचानक हमला कर दिया, जिसमें देवराज गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देवराज महतो — जो छोटा गम्हरिया निवासी एवं ग्राम प्रधान सूरज महतो के भाई हैं — अपनी महिंद्रा कार की सर्विसिंग संबंधी कार्य के लिए शोरूम पहुंचे थे। तभी अचानक महादेव महतो वहां पहुंचे और बिना किसी बहस-तकरार के देवराज पर टूट पड़े।
हमले में देवराज लहूलुहान हो गए। शोरूम कर्मचारियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन महादेव महतो इतने उग्र थे कि उन्होंने कर्मचारियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। मौके पर मौजूद ग्राहकों व अन्य लोगों ने किसी तरह आरोपी को नियंत्रित किया।
गंभीर रूप से घायल देवराज महतो सीधे आदित्यपुर थाना पहुंचे और घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें उपचार हेतु गम्हरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
देवराज महतो ने पुलिस को बताया कि महादेव महतो ने उन पर अचानक हमला किया, हालांकि उन्होंने हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं बताई।
आदित्यपुर पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।









