चाकू की नोक पर घर में की चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

SHARE:

Chandil: चांडिल अनुमंडल के कपाली ओपी पुलिस ने चाकू की नोक पर घर में जेवरात और नकदी लूटने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान फैयाज तबरेज (उम्र लगभग 19 वर्ष), पिता परवेज आलम, निवासी बंधुगोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

घटना सरफुद्दीन मस्जिद के समीप स्थित मकसूद आलम के घर की है, जहां दो युवक रात के समय घुसे और घर की महिलाओं को चाकू दिखाकर धमकाया। आरोपियों ने अलमारी तोड़कर सोने की बाली, चांदी की पायल और करीब पांच हजार रुपये नकद लूट लिए। भागने के दौरान महिलाओं के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग जुट गए और एक आरोपी फैयाज को चाकू समेत दबोच लिया। भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस को सौंप दिया।

पूछताछ में फैयाज ने स्वीकार किया कि वारदात में उसका साथी पिंटा भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है। उसने बताया कि चोरी किए गए जेवर और नकदी पिंटा के पास हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

कपाली ओपी प्रभारी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

Leave a Comment