दीक्षांत समारोह की तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटा कोल्हान विश्वविद्यालय, बैठकों का दौर तेज

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : कोल्हान विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बैठकों का दौर तेज हो गया है। बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में स्मारिका समिति, रिप्लेसमेंट समिति, अनुशासन समिति एवं मीडिया सेल की बैठकें आयोजित की गईं।

मीडिया सेल की बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने स्वयं की। बैठकों में अब तक संपन्न कार्यों की समीक्षा की गई तथा शेष कार्यों को सूचीबद्ध कर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसी दौरान आमंत्रण पत्र के प्रारूप को भी अंतिम रूप दिया गया।

कुलपति ने सभी उपसमितियों के संयोजकों से उनके जिम्मे दिए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि “सभी कार्य योजनाबद्ध ढंग से और निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं ताकि समारोह गरिमा के अनुरूप संपन्न हो।”

मीडिया सेल की बैठक में कुलपति ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि मीडिया को तथ्यपूर्ण और अद्यतन जानकारी ससमय उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए सभी उपसमितियों के बीच तालमेल बनाए रखते हुए सूचनाओं का संकलन कर प्रत्येक दिन शाम 5 बजे तक मीडिया सेल संयोजक को रिपोर्ट सौंपने को कहा गया।

इसी क्रम में दीक्षांत सभागार को सजाने और व्यवस्थित करने का कार्य भी तेजी से जारी है। कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता ने आज विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों के साथ सभागार का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यस्थल पर नियुक्त प्रभारी अधिकारियों एवं मजदूरों को आवश्यक निर्देश दिए।

कुलपति ने दीक्षांत दिवस पर निकलने वाली शैक्षणिक शोभायात्रा के प्रारंभ और समापन मार्ग का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश भी जारी किए।

इस संबंध में जानकारी देते हुए कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. ए.के. झा ने बताया कि “सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि समारोह सुचारू और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।”

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.