जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक सोनाराम सिंकू ने दो सड़कों का किया शिलान्यास

SHARE:

Chaibasa  : जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार को नया आयाम देते हुए क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उपमुख्य सचेतक सोनाराम सिंकू ने मंगलवार को दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया।

पहला शिलान्यास सारबिल रुंगटिया चौक से हेस्सापी-बुरुसाई-दिउरीसाई-बांदासाई तक लगभग 5.2 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए किया गया। यह परियोजना मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा पूरी की जाएगी, जिसकी कुल लागत ₹4 करोड़ 95 लाख निर्धारित की गई है। यह सड़क ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य प्रणाली को भी सुदृढ़ करेगी।

दूसरी योजना के तहत विधायक ने जगन्नाथपुर प्रखंड के भनगांव पंचायत के झिरपाई गांव में मुख्य सड़क से सुखलाल जराई घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह परियोजना जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के अंतर्गत पूरी की जाएगी। इस सड़क के बन जाने से झिरपाई और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को, विशेष रूप से बरसात के दिनों में, आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीणों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने विधायक सोनाराम सिंकू का स्वागत पुष्पगुच्छ और पारंपरिक नृत्य के साथ किया।

अपने संबोधन में विधायक सोनाराम सिंकू ने कहा हमारी गठबंधन सरकार गाँव, गरीब और आम जनता के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गाँव-गाँव तक पक्की सड़क, स्वच्छ पानी और शिक्षा की सुविधा पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है।”



उन्होंने आगे कहा कि आज जिन दो सड़कों का शिलान्यास किया गया है, वे केवल कंक्रीट और डामर की सड़कें नहीं, बल्कि विकास की मजबूत राह हैं, जो युवाओं, किसानों और महिलाओं को नई दिशा देंगी।

विधायक ने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले समय में जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र का हर गाँव मुख्य सड़क से जोड़ा जाएगा, ताकि कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रह जाए।

कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरु, सरबिल मुंडा सुरेंद्र सिंकू, मुखिया हीरामणि केराई, मंडल अध्यक्ष मथुरा लागुरी, वरिष्ठ कांग्रेसी विपिन सिंकू, हरीश पान, संतोष नाग मुंडा, सूरज मुखी, रंजन गोप, गुरु सिंकू, रोशन पान, रंजित गागराई, आनंद सिंकू, गगन पूर्ति, राहुल तिरिया, भनगांव मुखिया जितेंद्र पूर्ति, उपमुखिया साबित्री जेराई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

यह आयोजन क्षेत्र में विकास के प्रति जनआस्था और जनता-जनार्दन के बीच विधायक की बढ़ती लोकप्रियता का प्रतीक माना जा रहा है।

Leave a Comment