बस स्टैंड से 20.5 किलो गांजा बरामद, एक गिरफ्तार – दो फरार

SHARE:

Bahragora:पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास शनिवार शाम पुलिस की गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से 20.50 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपेंद्र सोमानी (निवासी: मेदिनीपुर रेलवे मार्केट, खड़गपुर) के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपियों में दिवाकर दुबे (पश्चिमी मेदिनीपुर गुरुद्वारा) और सुनील (घाटशिला निवासी) शामिल हैं। तीनों के खिलाफ बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के बयान पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम के पहुंचते ही बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच दो आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, यह गांजा पश्चिम बंगाल से झारखंड लाया जा रहा था और स्थानीय स्तर पर सप्लाई किए जाने की योजना थी। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इसके पीछे कोई बड़ी तस्करी गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

Leave a Comment