Jamshedpur : लोकआस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जमशेदपुर के कांदरबेड़ा में हुई दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की त्रासदी अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। सूचना मिलते ही विधायक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बताया जाता है कि प्रतीक यादव और आर्यन यादव पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में प्रतीक के पिता संजय सिंह भी जलधारा में बह गए। तीनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। ये तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे, जिससे पूरे इलाके में मातम छा गया। प्रशासन ने तीनों शवों को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसके पूर्व विधायक सरयू राय ने खटीक समाज द्वारा आयोजित प्रसाद वितरण कार्यक्रम में भाग लिया और छठ व्रतियों को शुभकामनाएं दीं।
मंगलवार सुबह श्री राय अपने भतीजे आशुतोष राय के निवास पर आयोजित छठ पूजा में शामिल हुए, जहां उन्होंने सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर सभी की सुख-समृद्धि की कामना की।
उधर, गोलमुरी केबल टाउन स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर (बिड़ला मंदिर) में छठ व्रतियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर लोकआस्था के इस पर्व को श्रद्धा भाव से सम्पन्न किया।
विधायक ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से आपदा प्रबंधन के स्तर को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।









