Jamshedpur:गोलमुरी थाना क्षेत्र के टूइलाडुंगरी में 24 अक्टूबर को हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। इस मामले में अब दो पक्षों की ओर से काउंटर केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पहला मामला टूइलाडुंगरी लाइन नंबर 2 के निवासी सुखलन सिंह उर्फ सोनू सिंह की ओर से दर्ज कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमृत सिंह उर्फ रिंकू और सतपाल सिंह उर्फ सागर ने पहले गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की, फिर पिस्टल निकालकर फायरिंग की। पुलिस ने इस केस में मुख्य आरोपी अमृत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वहीं, दूसरे पक्ष से सतपाल सिंह ने भी गोलमुरी थाने में मामला दर्ज कराया है। उनके बयान पर पुलिस ने रवि खेड़ा, सोनू, और गुरदीप सिंह उर्फ बाबू के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। सतपाल का आरोप है कि आरोपियों ने पहले झगड़ा किया और फिर शीतला मंदिर, टूइलाडुंगरी के पास उन पर फायरिंग कर दी।
पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था।
फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
गोलमुरी थानेदार ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।









