Adityapur:आदित्यपुर थाना क्षेत्र के निर्मल नगर में शनिवार की दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। इलाके में कचरे के ढेर में अचानक आग लग गई, जिसकी लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की झाड़ियों और फाइबर केबल के ढेर को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम और आदित्यपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई दिखाते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। उनकी समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कचरे में आग लगाए जाने से यह घटना घटी। उन्होंने बताया कि अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो यह पास के घरों तक फैल सकती थी, जिससे भारी नुकसान हो सकता था।
अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी ने बताया कि “ठंड के मौसम के कारण आग का फैलाव सीमित रहा। अगर यही घटना गर्मी के मौसम में होती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।”
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने दमकल विभाग और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।









