बागबेड़ा की महिला की सड़क हादसे में मौत, परिजनों ने लगाया टीएमएच और पुलिस पर लापरवाही का आरोप

SHARE:

Jamshedpur : बागबेड़ा नया बस्ती की रहने वाली वंदना देवी की सड़क दुर्घटना में हुई दर्दनाक मौत के बाद परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। गुरुवार को हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल वंदना देवी ने इलाज के दौरान 17 अक्टूबर को दम तोड़ दिया। परिवार ने टीएमएच अस्पताल पर उचित इलाज न करने और पुलिस पर मामला दर्ज करने से इंकार करने का आरोप लगाया है।

स्पीड ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगा, पीछे से कार ने टक्कर मारी

बताया गया कि वंदना देवी एक टेंपो से बिष्टूपुर जा रही थीं। रास्ते में स्पीड ब्रेकर आने पर टेंपो चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। संतुलन बिगड़ने के कारण वंदना देवी सड़क पर गिर गईं। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मारी, और उसी कार को एक बस ने भी पीछे से टक्कर मार दी। इस दोहरे टक्कर में वंदना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

आर्थिक तंगी के कारण रिम्स रेफर, इलाज के दौरान मौत

घटना के बाद उन्हें पहले टीएमएच (टाटा मुख्य अस्पताल) में भर्ती कराया गया, जहां डेढ़ लाख रुपये से अधिक का बिल आने के बाद परिजन आर्थिक रूप से असमर्थ हो गए। इसी कारण उन्हें रिम्स, रांची रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि टीएमएच ने इलाज में लापरवाही बरती और समय पर बेहतर सुविधा नहीं दी।

जुगसलाई थाना ने दर्ज नहीं किया मामला

मृतका के परिवार ने जुगसलाई थाना में शिकायत दर्ज कराना चाहा, लेकिन परिजनों के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज करने से यह कहकर मना कर दिया कि “इससे कोई फायदा नहीं होगा और मुआवजा भी नहीं मिलेगा।” हालांकि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार और बस को थाना परिसर में रख लिया है, लेकिन अब तक किसी पर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

न्याय की मांग, परिजनों में आक्रोश

परिवार का कहना है कि “एक महिला की जान गई, लेकिन पुलिस और प्रशासन की संवेदनहीनता सामने आ रही है। न इलाज में मदद मिली, न ही कानूनी न्याय। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से तत्काल संज्ञान लेने तथा मृतक के परिवार को मुआवजा व न्याय दिलाने की मांग की है। यह मामला स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।

Leave a Comment