बागबेड़ा कॉलोनी में लाखों की चोरी, छत के रास्ते घुसे चोर – सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन पर हाथ साफ

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी में शनिवार की रात एक बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोड नंबर-2, गणेश पूजा मैदान के पास स्थित ब्लॉक नंबर 66/2/1 में रहने वाले गौरव कुमार सिन्हा के घर पर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, Apple मोबाइल फोन और नकद रुपये चोरी कर लिए। घटना के बाद से परिवार दहशत में है और इलाके में भय का माहौल व्याप्त है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी की घटना देर रात 1 बजे से 3 बजे के बीच घटी। चोर घर की छत से अंदर घुसे और रसोईघर के रास्ते सीधे कमरों में पहुंच गए। इसके बाद अलमारी को तोड़कर सोने का मांगटीका, झुमका, चांदी की पायल, चार बिछिया, मोबाइल फोन और नकद रुपये समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

गौरव सिन्हा ने बताया कि रात में अचानक उनकी बहन की नींद खुली तो उसने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला है और अलमारी क्षतिग्रस्त है। बाकी परिवार को जगाने पर पता चला कि सारे जेवरात और इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब हो चुके हैं। चोरी करने वाले चोरों ने ऊपर वाले फ्लोर में रखे दस्तावेजों को भी खंगाला और इधर-उधर बिखेर दिया।

घटना की सूचना बागबेड़ा थाना को दी गई। प्रारंभ में स्पष्ट कार्रवाई नहीं होने पर परिजन ने सुबह 7 बजे थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उपमुखिया संतोष ठाकुर और समाजसेवी मुदिता सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि पंचायत उनके साथ खड़ी है।

स्थानीय प्रतिनिधियों ने बताया कि बागबेड़ा पंचायत भवन में भी इससे पहले चोरी की वारदात हो चुकी है, जिसका खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। लगातार हो रही चोरी की घटनाएं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रही हैं। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करे और क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें