उपायुक्त की अध्यक्षता में दीपावली, काली पूजा एवं छठ पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई आयोजित

SHARE:

विधि व्यवस्था, जनसुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश

साहिबगंज: समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला
दंडाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में दीपावली, काली पूजा एवं छठ पर्व को लेकर विधि व्यवस्था संधारण एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग उपस्थित थे। जहां बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि आगामी पर्वों को शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ संपन्न करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आगे उन्होंने सभी थाना प्रभारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने अपने क्षेत्रों में लाइसेंस प्राप्त पूजा समितियों की जानकारी अद्यतन रखें और उनसे निरंतर संपर्क बनाए रखें। वही प्रत्येक पूजा पंडाल में लाइटिंग, अग्निशमन, विद्युत सुरक्षा, वॉलिंटियर व्यवस्था तथा यातायात नियंत्रण की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। आगे उपायुक्त ने निर्देश दिया कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। जहां जिला प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरा के माध्यम से निगरानी की जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों का अधिष्ठापन भी किया जा रहा है। वही उन्होंने कहा कि जिला एवं पुलिस प्रशासन पूर्ण समन्वय के साथ सतर्क रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। वही काली पूजा के दौरान साहिबगंज नगर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निकलने वाले मां काली के जुलूस को लेकर भी विशेष दिशा निर्देश दिए गए। जहां उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों से रस्सा, लाइटिंग एवं वालंटियर्स की उचित व्यवस्था करने को कहा। आगे उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जुलूस मार्ग की साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उधर उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जहां उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति में त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने हेतु एंबुलेंस की व्यवस्था, बर्न वार्ड में चिकित्सकों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार तैनाती, तथा सभी चिकित्सकों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। वही अग्निशमन वाहन एवं कर्मियों को भी अलर्ट मोड पर रहने का आदेश दिया गया है ताकि किसी आकस्मिक घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके। उधर उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि जिला प्रशासन चाहता है कि पूजा समितिया एवं जिलेवासी प्रशासन के साथ सहयोग करें और सभी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए पर्वों को सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएँ। आगे उन्होंने कहा कि “जिलेवासियों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, जिसे हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएँगे।” उधर बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी उपस्थित अधिकारियों, पूजा समिति प्रतिनिधियों एवं जिलेवासियों को दीपावली, काली पूजा एवं छठ पर्व की अग्रिम शुभकामनाएँ दीं तथा सभी से अपील किया कि वे स्वच्छता, शांति एवं सद्भाव बनाए रखते हुए पर्वों का आनंद लें। इस बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी, थाना प्रभारी उपस्थित थे।

Leave a Comment