Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी डुंगरी टोला निवासी बिसु मुर्मू (22) की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बिसु 27 सितंबर की शाम अपने दोस्तों के साथ मेला घूमने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। तीन दिन बाद उसका शव सुंदरनगर थाना क्षेत्र के तुरामडीह जोड़ा तालाब से बरामद हुआ था।
परिवार के लोगों ने उसी दिन परसुडीह थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शव बरामद होने के बाद सुंदरनगर पुलिस ने तीनों दोस्तों — दुर्गा सोरेन, शिवा टुडू उर्फ दशमत टुडू और राजेश मुर्मू उर्फ राजेश माहली — को हिरासत में लिया था। बाद में मामले की भौगोलिक सीमा परसुडीह थाना क्षेत्र की होने के कारण तीनों को परसुडीह पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ के बाद शनिवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि चारों दोस्त 27 सितंबर की शाम बाइक से मेला घूमने निकले थे। रास्ते में वे जोड़ा तालाब के पास रुके और स्नान करने लगे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनमें विवाद हुआ। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद बिसु के दोस्तों ने न तो घरवालों को सूचना दी और न ही पुलिस को बताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिसु को तैरना अच्छी तरह आता था, ऐसे में उसकी डूबकर मौत होना संदिग्ध लग रहा है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं दोस्तों के बीच किसी आपसी रंजिश के चलते उसे जानबूझकर तो नहीं मारा गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।









