Jamshedpur : एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम को ट्रॉफी न मिलने का विवाद अब समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने ट्रॉफी को यूएई क्रिकेट बोर्ड को सौंप दिया है, जिससे ट्रॉफी अब भारत को सौंपे जाने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है ।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब मोहसिन नकवी ने फाइनल के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को ट्रॉफी लेने के लिए व्यक्तिगत रूप से दुबई आने का निर्देश दिया था। इससे भारतीय टीम ने ट्रॉफी स्वीकार करने से इनकार कर दिया, क्योंकि नकवी पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री भी हैं, और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने इसे खेल की भावना के खिलाफ माना ।
इस घटनाक्रम के बाद BCCI ने मोहसिन नकवी के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू करने की धमकी दी थी, जिसके दबाव में नकवी ने ट्रॉफी यूएई क्रिकेट बोर्ड को सौंप दी है। हालांकि, उन्होंने अभी तक आधिकारिक रूप से माफी नहीं मांगी है ।
अब यह संभावना जताई जा रही है कि यूएई क्रिकेट बोर्ड जल्द ही ट्रॉफी को भारतीय क्रिकेट बोर्ड को सौंपेगा, जिससे भारतीय टीम को उनका अधिकारिक पुरस्कार मिल सकेगा।









