बिरसा मुंडा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, आदिवासी सुरक्षा परिषद ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  :  टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत सालगाझुड़ी फ्लाई एस पौंड के पास स्थापित महानायक बिरसा मुंडा की प्रतिमा को शनिवार देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा के साथ लगे बोर्ड और बैनर भी तोड़े गए। इस घटना से आदिवासी समाज में गहरा आक्रोश फैल गया है।

आदिवासी सुरक्षा परिषद, जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष एवं बिरसा मुंडा आदिवासी कल्याण ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी राम सिंह मुंडा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि –
“यह कृत्य आदिवासी समाज की भावनाओं को भड़काने की साजिश है। इससे पहले भी कई बार प्रतिमा और पूजा स्थल को नुकसान पहुँचाने की कोशिश की गई थी। अब आदिवासी समाज इस अपमान को और सहन नहीं करेगा।”

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस-प्रशासन शीघ्र सख्त कार्रवाई नहीं करता है तो समाज स्वयं कदम उठाने के लिए मजबूर होगा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में स्थापित इस प्रतिमा का अनावरण 10 मार्च 2024 को सांसद विद्युत वरन महतो के प्रतिनिधि संजीव कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष बड़ी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा और भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा समेत कई गणमान्य लोगों ने किया था। तब से यह स्थल आदिवासियों की आस्था का केंद्र बना हुआ है, जहां महापुरुष बिरसा मुंडा की जयंती और अन्य अवसरों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होते हैं।

गौरतलब है कि 18 जनवरी 2025 को भी इसी स्थल पर झंडा और लगभग 100 पौधों को असामाजिक तत्वों ने नष्ट कर दिया था, जिसकी शिकायत (केस संख्या 77/2025) अनुमंडल दंडाधिकारी के न्यायालय में लंबित है।

राम सिंह मुंडा ने बताया कि इस घटना को लेकर थाना में FIR दर्ज कराई जाएगी। परिषद ने मांग की है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.