Jamshedpur : पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ सदस्य नायक नवल किशोर सिंह को आज सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनका निधन रविवार को दोपहर 2 बजे ब्रह्मानंद अस्पताल में हुआ था। निधन की सूचना मिलते ही परिषद के प्रतिनिधि बृज किशोर सिंह, सुशील कुमार सिंह, दिनेश सिंह और मिथिलेश कुमार सिंह तत्काल अस्पताल पहुंचे और पार्थिव शरीर को मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया।
विदित हो कि दिवंगत श्री सिंह का एक नाती इजिप्ट में कार्यरत है, जिनके आने के पश्चात आज सुबह उनका पार्थिव शरीर प्रेम नगर, लक्ष्मी नगर स्थित आवास लाया गया। पूर्व सैनिकों ने राष्ट्रीय ध्वज अर्पित कर उन्हें अंतिम सम्मान दिया।
पीसीआर वाहन के साथ पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें बर्मामाइंस, टेल्को, गोलमुरी और सीतारामडेरा थानों के प्रतिनिधि शामिल थे। यात्रा में राज्य सैनिक कल्याण पदाधिकारी ब्रिगेडियर निरंजन कुमार एवं कोल्हान के सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल किशोर सिंह के प्रतिनिधि के रूप में सुशील कुमार सिंह, पंकज कुमार सिंह, कुंदन सिंह, बर्मेश्वर पांडे, देवेंद्र त्रिपाठी, हंसराज सिंह, समेत अन्य गणमान्य पूर्व सैनिक शामिल हुए।
समाजसेवी शिवशंकर सिंह के सहयोग से अंतिम यात्रा हेतु मोक्षवाहन की व्यवस्था की गई, जिसे तिरंगा ध्वज से सजाया गया, जो श्रद्धांजलि यात्रा का मुख्य आकर्षण बना रहा। नगरवासियों ने रास्ते में खड़े होकर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और नम आंखों से विदाई दी।
अंतिम संस्कार के दौरान नाती ने मुखाग्नि दी।
स्वर्गीय नवल किशोर सिंह अपने पीछे दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका जीवन सेवा, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा।
