गम्हरिया, 30 जून 2025 (सोमवार):
कुड़मि समाज में सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए आज गम्हरिया में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कुड़मि समाजसेवी प्रसेनजीत महतो की अगुवाई और प्रकाश महतो के संचालन में संपन्न हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से “देसुआ आदिबासि कुड़मि समाज” नाम पर सहमति जताई गई और तय किया गया कि आने वाले समय में समाज की भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से सभी सामाजिक कार्य इसी बैनर तले किये जाएंगे। बैठक में प्रसेनजीत महतो को मुख्य संयोजक और प्रकाश महतो को झारखंड प्रदेश संयोजक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के दौरान प्रसेनजीत महतो ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए यह घोषणा की कि वर्ष 2021 से उनके द्वारा प्रारंभ किया गया बहुप्रशंसित पर्यावरणीय कार्यक्रम “गाछ रोपा होमदुमि” इस वर्ष भी अपनी यात्रा जारी रखेगा। यह कार्यक्रम अब पाँचवें सत्र में प्रवेश कर रहा है और इसका आयोजन 16 आषाढ़ से 32 आषाढ़ तक (01 जुलाई से 17 जुलाई 2025) बड़े जोर-शोर से किया जाएगा।
प्रकाश महतो ने भी समाज की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने हेतु विभिन्न योजनाओं और जनभागीदारी पर बल दिया। उन्होंने बताया कि समाज को संगठित कर युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का यह एक अनूठा प्रयास होगा।
बैठक में उपस्थित प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं में रामबिलास महतो, विभीषण महतो, पंचानन महतो, उदित महतो, सुजित महतो, नमिता महतो, राजेश महतो, राजकुमार महतो, राजकिशोर महतो और सूरज महतो प्रमुख रूप से शामिल रहे।









