पुरी रथ यात्रा में उमड़ी रिकॉर्ड भीड़, 600 से ज्यादा श्रद्धालु बीमार, 9 की हालत गंभीर
तीनों रथों की गति बाधित, आज फिर शुरू होगी रथ यात्रा

SHARE:



पुरी, ओडिशा: शुक्रवार को शुरू हुई जगन्नाथ रथ यात्रा में इस बार करीब 10 लाख श्रद्धालुओं की उपस्थिति दर्ज की गई—जो कि हर साल की तुलना में डेढ़ गुना अधिक भीड़ है। अत्यधिक भीड़ और गर्मी के चलते 600 से अधिक श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई, जबकि 9 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

देर शाम देवी सुभद्रा के रथ के आसपास अचानक भीड़ का दबाव बढ़ने से कई लोग बेहोश हो गए, और कुछ को मामूली चोटें आईं। करीब 70 लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी को पुरी मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक इलाज दिया गया।

रथों की रफ्तार थमी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

भीड़ की अधिकता के चलते तीनों रथों की गति बाधित रही।

बलभद्र का तालध्वज रथ आधे रास्ते तक पहुंच सका।

देवी सुभद्रा का दर्पदलन रथ सिर्फ 750 मीटर ही खिंच पाया।

भगवान जगन्नाथ का नंदीघोष रथ मंदिर के बाहर ही खड़ा रहा, जो महज एक मीटर ही आगे बढ़ सका।


रात्रि 8 बजे प्रशासन ने रथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने की घोषणा की। अब यात्रा शनिवार को फिर शुरू की जाएगी।

भीड़ पर काबू पाना बना चुनौती

रथ यात्रा मार्ग में एक संकीर्ण मोड़ पर रथ को खींचने में खासा संघर्ष हुआ, जिससे पूरी यात्रा की गति धीमी पड़ गई। कई श्रद्धालु प्रतिबंधित क्षेत्रों में घुस गए, जिससे अव्यवस्था और बढ़ गई।

सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि इस बार की भीड़ अनुमान से कहीं अधिक थी, जिससे व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो गया।




Leave a Comment