राँची की सड़कों पर पानी-पानी, संजय सेठ ने नगर निगम को ठहराया जिम्मेदार

SHARE:

Ranchi : राजधानी राँची में गुरुवार को हुई तेज़ बारिश ने नगर निगम और नगर विकास विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के कई इलाकों में जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे यातायात बाधित हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस गंभीर स्थिति को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री और राँची के सांसद संजय सेठ ने नगर निगम और नगर विकास विभाग को आड़े हाथों लिया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जलजमाव की समस्या प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है।

संजय सेठ ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “एक तरफ आम जनता जलजमाव की वजह से परेशान है, घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, और दूसरी ओर सरकार के अधिकारी एसी में बैठे तमाशा देख रहे हैं। यह अब नहीं चलेगा। यदि जनता परेशान होगी तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम और नगर विकास विभाग की होगी।”

उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों को नालों की समय पर सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर सचेत किया गया था, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

सांसद ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ही स्थिति पर नियंत्रण नहीं पाया और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया, तो वे जनता के साथ सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

Leave a Comment