मैथन और तेनुडैम के फाटक खुले: बारिश से जलस्तर में वृद्धि, सैलानियों की उमड़ी भीड़

Share करें

✓ Link copy हो गया!

धनबाद/बोकारो: झारखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही राज्य के जलाशयों में जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। धनबाद के मैथन डैम और बोकारो के तेनुडैम पर जल का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते सुरक्षा और जल प्रबंधन के मद्देनज़र दोनों डैमों के फाटक खोल दिए गए हैं। इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक उमड़ पड़े हैं।

मैथन डैम: दो फाटक और गैलरी खोलकर छोड़ा जा रहा पानी

धनबाद जिले के निरसा क्षेत्र में स्थित मैथन डैम में जलस्तर 471.59 फीट तक पहुंच चुका है। दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) द्वारा दो फाटक और एक गैलरी खोल दी गई है, जिससे तेज वेग से पानी का बहाव जारी है। DVC और केंद्रीय जल आयोग द्वारा मानसून पूर्व तैयारियों के तहत डैम के गेटों के क्रियाशील रहने की जांच की जा रही है, साथ ही डैम में जमी गाद की सफाई भी की जा रही है ताकि जल निकासी बाधित न हो।

सैलानियों में उत्साह, प्रकृति प्रेमियों के लिए अद्भुत दृश्य

जैसे ही फाटक खुलने की खबर फैली, आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों पर्यटक मैथन पहुँचने लगे। डैम से निकलते जलप्रवाह और गिरते पानी के नजारे को लोग अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। एक पर्यटक ने बताया यह नज़ारा किसी जन्नत से कम नहीं। बहते पानी की गूंज और बारिश के बीच डैम का यह दृश्य आत्मा को सुकून देने वाला है।”

तेनुडैम: आठ फाटक खुले, दामोदर नदी उफान पर

बोकारो जिले के तेनुडैम पर लगातार बारिश के कारण भारी जलदाब बना हुआ है। जलस्तर बढ़ने पर आठ फाटक खोले गए हैं और लगभग 41,670 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे दामोदर नदी उफान पर है। निचले इलाकों में पानी भरने लगा है और प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है।

तेनुडैम की अधिकतम जल भंडारण क्षमता 852.50 मिलियन क्यूबिक मीटर है, जो कि बारिश के चलते लगभग पार हो चुकी थी। इसे ध्यान में रखते हुए गेट खोलने का निर्णय लिया गया।

प्रशासन की चेतावनी और अपील

प्रशासन ने नदी किनारे बसे लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। साथ ही, सैलानियों को भी चेतावनी दी गई है कि वे जलधाराओं के अत्यधिक निकट न जाएं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें