बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत सरायकेला में ‘आम उत्सव सह बागवानी मेला’ आयोजित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Aditypur : जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल परिसर में मंगलवार, 17 जून को बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत ‘आम उत्सव सह बागवानी मेला 2025’ का भव्य आयोजन किया गया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने किया। मंच पर उनके साथ सांसद जोबा मांझी, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोथरा, उपाध्यक्ष मधुश्री, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों से आए बागवानी मिशन से जुड़े किसानों ने भाग लिया। मेले में लंगड़ा, तोतापुरी, मालदा, आम्रपाली, सिंदरी, बंबईया, दसहरी, राजा आम, केसर, मिनी अल्फांसो और बैगनपुली जैसी कुल 11 प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।

किसानों ने अपनी उपज का प्रदर्शन करते हुए आम की खेती से जुड़ी वैज्ञानिक तकनीकों और व्यक्तिगत अनुभवों को आगंतुकों के साथ साझा किया। इस पहल से न केवल बागवानी को प्रोत्साहन मिला बल्कि उपभोक्ताओं और उत्पादकों के बीच सीधा संवाद भी स्थापित हुआ।

उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि, “बागवानी मिशन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन सकता है यदि किसान वैज्ञानिक व जैविक पद्धतियों को अपनाएं। बाजार से जुड़कर किसान अपनी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।” उन्होंने इस आयोजन को किसानों और उपभोक्ताओं के बीच एक उपयोगी सेतु बताते हुए भविष्य में भी ऐसे मेलों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम का आयोजन उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में किया गया था, जिसमें आमंत्रण पत्रों के माध्यम से आमजन को सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में किसान, बागवानी विशेषज्ञ और नागरिक उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए इसकी निरंतरता की मांग की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें