कर्ज और पारिवारिक तनाव बना मौत की वजह? किराना दुकानदार ने दुकान के भीतर लगाई फांसी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सरायकेला: सरायकेला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक किराना दुकानदार ने अपनी दुकान के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जयप्रकाश शर्मा (51 वर्ष) के रूप में हुई है। यह घटना आरआईटी थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित दुकान में घटी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने देखा कि दुकान के शटर के नीचे से खून और पानी बह रहा है। आशंका के चलते उन्होंने तुरंत इसकी सूचना आरआईटी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शटर को जबरन तुड़वाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया, जहां उन्होंने जयप्रकाश शर्मा को फंदे से लटका पाया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि आत्महत्या की यह घटना दो दिन पहले हुई है। शव सड़ चुका था और फूल जाने के कारण मृतक के मुंह से खून और पानी बह रहा था।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी गंभीर रूप से बीमार है और उसका इलाज रांची में चल रहा था। दो दिन पूर्व ही वह पत्नी को इलाज के लिए रांची भेजकर दुकान पर अकेला रह गया था। इस बीच उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, जयप्रकाश शर्मा पर पत्नी की बीमारी के इलाज को लेकर भारी कर्ज था और इसी वजह से वह मानसिक तनाव से जूझ रहा था। कर्ज को लेकर पारिवारिक विवाद भी लगातार चल रहा था, जिसने संभवतः उसे आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया।

थाना प्रभारी विनय कुमार ने जानकारी दी कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों को स्पष्ट रूप से जानने के लिए परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।यह घटना ना केवल आर्थिक और मानसिक तनाव की त्रासदी को उजागर करती है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करती है कि समाज में मानसिक स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता को लेकर जागरूकता कितनी आवश्यक है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद और जानकारी सामने आने की संभावना है।

The specified slider id does not exist.