निर्माण कार्य रोकने के आदेश के बावजूद हुई निर्माण गतिविधि, अंचल अधिकारी से की गई शिकायत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर : बिरसानगर निवासी पॉलसन कच्छप की शिकायत पर अंचल अधिकारी जमशेदपुर द्वारा दिए गए स्पष्ट आदेश के बावजूद संबंधित भूमि पर अवैध निर्माण कार्य जारी रहने का मामला सामने आया है। पॉलसन कच्छप द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर जमशेदपुर अंचल अधिकारी ने बिरसानगर थाना प्रभारी को निर्देश दिया था कि खाता संख्या 55, प्लॉट संख्या 3122 (वार्ड संख्या 17) के अंशिक भूभाग पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न होने दिया जाए और सतत निगरानी रखी जाए।

हालांकि, आदेश की खुलेआम अवहेलना करते हुए नीरू कुमारी (पति – संजय गिरी), जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने कथित रूप से बिरसानगर थाना प्रभारी की मिलीभगत से रात 11 बजे के बाद गुप्त रूप से निर्माण कार्य शुरू करवा दिया। जानकारी के अनुसार, उस भूमि पर एक गेट भी लगाया गया है।

इस गंभीर प्रकरण को लेकर सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता राजेश सामंत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अंचल अधिकारी जमशेदपुर से मुलाकात की और थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कदम उठाए जाएं और गैरकानूनी निर्माण को तत्काल ध्वस्त किया जाए।

राजेश सामंत ने कहा कि यह न सिर्फ सरकारी आदेश की अवहेलना है बल्कि न्याय व्यवस्था पर सीधा आघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय थाना प्रभारी की मिलीभगत से अवैध निर्माण कार्य कराया गया है, जो चिंताजनक है।

पॉलसन कच्छप ने बताया कि उक्त भूमि 1985 से उनके दादा पुटनन्दर कच्छप के नाम पर खतीयानी है और यह भूमि टिस्को लीज क्षेत्र से भी बाहर है। इस भूमि पर उनका खपरैल मकान भी दर्ज है।

अंचल अधिकारी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और जल्द ही अवैध निर्माण को हटवाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में झामुमो के वरिष्ठ नेता मनवर हुसैन, सामाजिक सेवा संघ अध्यक्ष राजेश सामंत, पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजू बेसरा, ललित केरकेट्टा, छोटे सरदार, तथा पीड़ित पॉलसन कच्छप सहित कई लोग शामिल रहे।

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें