चलंत मध्याह्न भोजन योजना का सरयू राय ने किया औचक निरीक्षण, लाभुकों के साथ किया भोजन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने शनिवार को अपनी पहल पर संचालित चलंत मध्याह्न भोजन योजना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे खुद भोजनालय वाहन के भीतर गए और लाभुकों को भोजन परोसा। इस दौरान उन्होंने लोगों के साथ बैठकर भोजन भी ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि यह योजना 4 जून 2025 से प्रारंभ की गई थी और अब तक 10 दिन में लगभग 200 लोग प्रतिदिन इसका लाभ उठा रहे हैं।



5 रुपए में भरपेट स्वादिष्ट भोजन:

श्री राय ने जानकारी दी कि श्री बालाजी अन्नपूर्णा चलंत भोजनालय के अंतर्गत मात्र 5 रुपए में चावल, दाल, सब्जी और अचार दिया जाता है। शनिवार को विशेष रूप से खिचड़ी, चोखा, पापड़ और अचार परोसा गया। उन्होंने बताया कि शनिवार को कदमा बाजार के समीप खड़े वाहन से कुल 202 लोगों ने भोजन किया।



विधायक निधि से वाहन, ट्रस्ट से भोजन व्यवस्था:

विधायक ने बताया कि इस योजना के तहत चलंत वाहन उनकी विधायक निधि से उपलब्ध कराया गया है, जबकि भोजन की व्यवस्था स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि दैनिक मजदूर, बाजारों में कार्यरत श्रमिक और आम राहगीर इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।



लोगों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया:

निरीक्षण के दौरान सरयू राय ने भोजन कर रहे लोगों से योजना को लेकर फीडबैक लिया। अधिकांश ने इसे राहतदायक बताया और कहा कि केवल 5 रुपए में साफ-सुथरा, स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक भोजन मिल रहा है।



संख्या बढ़ाकर 500 करने का लक्ष्य, मानगो में भी योजना शुरू करने की योजना:

मीडियाकर्मियों से बातचीत में विधायक ने कहा कि वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 200 लोग भोजन कर रहे हैं और जल्द ही इस संख्या को 500 तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि यदि दानदाता एवं अन्य संस्थाएं सहयोग को आगे आएं, तो एक और वाहन विधायक निधि से दिया जा सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में मानगो क्षेत्र में भी इसी प्रकार का चलंत भोजनालय प्रारंभ किया जा सकता है।

कार्यकर्ताओं और ट्रस्ट का आभार:

अंत में श्री राय ने इस योजना को सफल बनाने में लगे रसोइयों, परोसने वाले कर्मियों एवं वाहन चालकों का आभार प्रकट किया और कहा कि यह मानवता आधारित पहल है जिसे सामाजिक सहयोग से और विस्तार दिया जा सकता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें