Jamshedpur : समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और नशा से दूरी बनाने के उद्देश्य से युवा समाजसेवी अरविंद मुखी के नेतृत्व में एक व्यापक जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान विशेष रूप से मुखी समाज की बस्तियों में चलाया जा रहा है, जहां बच्चों और युवाओं को शिक्षा के महत्व के साथ-साथ नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अरविंद मुखी ने कहा कि समाज की तरक्की का रास्ता शिक्षा से होकर ही गुजरता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक हमारे समाज के बच्चे शिक्षित नहीं होंगे, तब तक हम सामाजिक पहचान और सम्मान की ओर अग्रसर नहीं हो सकते। इसी सोच के साथ उन्होंने विभिन्न मुखी बस्तियों में जाकर लोगों से संवाद किया और शिक्षा एवं रोजगार से जुड़ी समस्याओं को समझा।
उन्होंने यह भी अपील की कि मुखी समाज के सभी भाई-बहन और युवा मिलकर आगे आएं और इस अभियान को जन आंदोलन बनाएं। नशा को समाज से खत्म करना और बच्चों को सही दिशा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “हम हर बदलाव के लिए संघर्ष करने को तैयार हैं, क्योंकि समाज का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा जब हमारे बच्चे नशा से दूर और शिक्षा के करीब होंगे।









