गैंताडीह में स्कॉर्पियो और नेक्सन की भीषण टक्कर, सभी यात्री सुरक्षित, टक्कर मारकर फरार हुए युवक

SHARE:

जमशेदपुर/परसुडीह: परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा मुख्य मार्ग पर गैंताडीह के पास रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गम्हरिया निवासी कालिदास सोरेन की स्कॉर्पियो और जमशेदपुर की ओर से आ रही टाटा नेक्सन कार में आमने-सामने की ज़ोरदार टक्कर हो गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और सभी लोग बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन जमशेदपुर की ओर काफी धीमी रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान तेज़ रफ्तार में सामने से आ रही टाटा नेक्सन ने सामने से टक्कर मार दी। दोनों गाड़ियों को काफी क्षति पहुँची है।

हादसे के बाद नेक्सन में सवार चार युवक गाड़ी वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों वाहनों को ज़ब्त कर थाने ले गई।

स्कार्पियो चालक कालिदास सोरेन ने बताया कि अगर उनकी गाड़ी की स्पीड ज़्यादा होती, तो एक बड़ी जनहानि हो सकती थी। उन्होंने यह भी कहा कि नेक्सन सवार युवकों का इस तरह मौके से भाग जाना गंभीर सवाल खड़े करता है।

पुलिस अब फरार युवकों की पहचान और उन्हें पकड़ने की कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Comment