उपायुक्त ने किया तिरुलडीह पीएचसी का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!


सरायकेला, 13 जून: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शुक्रवार को इचागढ़ की विधायक सविता महतो की उपस्थिति में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिरुलडीह का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्यकर्मियों से ओपीडी संचालन, प्रसव कक्ष की स्थिति, डॉक्टर कक्ष, जांच घर, उपकरणों की उपलब्धता, जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति, भवन की स्थिति आदि की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि चिकित्सकों की रोस्टर ड्यूटी, रात्रीकालीन ड्यूटी, एएनएम की संख्या और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

नितिश कुमार सिंह ने कहा कि मानव संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रतिदिन के मरीजों की संख्या, प्रसव दर, और भर्ती मरीजों से संबंधित आंकड़ों के विश्लेषण के साथ सेवा वितरण प्रणाली में सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं, संसाधनों की कमी और सुविधाओं के विस्तार से जुड़े सुझाव भी लिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के प्रति सहयोगपूर्ण एवं मानवीय व्यवहार सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए ताकि आम जनता का सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर विश्वास बढ़े।

इस मौके पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें