साकची में अपराध, अतिक्रमण और नशे के खिलाफ जन सुविधा मंच का हल्ला बोल, थाना प्रभारी को हटाने की मांग

SHARE:

Jamshedpur : शहर के हृदय स्थल साकची में बढ़ते अपराध, अतिक्रमण और नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ जन सुविधा मंच के बैनर तले बृहस्पतिवार को भारी संख्या में लोगों ने साकची थाना परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी आनंद मिश्रा को हटाने की मांग करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली के कारण क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आमजन खासकर महिलाएं व बच्चे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

 

महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताई

 

मंच के संयोजक ने कहा कि आये दिन महिलाओं के साथ छेड़खानी, झपटमारी, लूट जैसी घटनाएं हो रही हैं। छोटे-छोटे बच्चे नशे की गिरफ्त में फंस रहे हैं। अगर समय रहते हालात नहीं बदले तो साकची क्षेत्र का सामाजिक ताना-बाना टूट जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक से तत्काल थाना प्रभारी को हटाने की मांग की।

 

थाना प्रभारी ने लगाए गए आरोपों को किया खारिज

 

वहीं, साकची थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह राजनीति से प्रेरित और पूर्वाग्रसित करार दिया। उन्होंने बताया कि विरोध प्रदर्शन के पीछे दो पुराने विवाद हैं। पहला मामला काशीडीह क्षेत्र में सरस्वती पूजा के दौरान हुए गुटीय संघर्ष से जुड़ा है, जिसमें दोनों पक्षों के दोषियों को जेल भेजा गया। दूसरा मामला मोदी टाइल्स परिसर में पारिवारिक विवाद का है, जिसमें पुत्र द्वारा पिता के साथ दुर्व्यवहार करने पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर में लगे पुलिस के बैनर को क्षतिग्रस्त किया गया, जो कानून का उल्लंघन है और इस पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

 

आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी

 

जन सुविधा मंच ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही थाना प्रभारी को नहीं हटाया गया और इलाके में कानून व्यवस्था को पटरी पर नहीं लाया गया तो आंदोलन को जिला मुख्यालय तक ले जाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अनिश्चितकालीन धरना भी शुरू किया जाएगा।

 

प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण हालात

 

साकची थाना क्षेत्र में थाना प्रशासन और जन संगठन के बीच बढ़ता टकराव जिला प्रशासन के लिए नई चुनौती बन गया है। एक तरफ स्थानीय लोग अपराध नियंत्रण में ढिलाई का आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी ओर थाना प्रभारी आरोपों को साजिश बता रहे हैं। अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस विवाद को कैसे सुलझाता है।

Leave a Comment

और पढ़ें