जिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से की मुलाकात, विधि व्यवस्था सुधार पर दिए सुझाव

SHARE:

Jamshedpur :  पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे के नेतृत्व में मंगलवार को वरीय आरक्षी अधीक्षक (एसएसपी) पयुष पाण्डेय से औपचारिक मुलाकात कर जिले की विधि व्यवस्था, यातायात एवं जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।



नवपदस्थापित एसएसपी को प्रतिनिधिमंडल ने बुके व अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। जिलाध्यक्ष दुबे ने जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाए रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आम नागरिकों एवं व्यवसायियों को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए।



उन्होंने शहर में दिन-प्रतिदिन बढ़ते वाहनों की संख्या का जिक्र करते हुए ट्रैफिक व्यवस्था एवं पार्किंग को लेकर विशेष अभियान चलाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने चेकिंग अभियान को अधिक संवेदनशीलता के साथ संचालित करने पर जोर दिया, जिससे आम जनता के बीच प्रशासन और सरकार के प्रति विश्वास कायम रहे।



दुबे ने प्रशासन को विश्वास दिलाया कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों पर प्रशासन को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जानकारी दी कि बुधवार को जिला कांग्रेस कमिटी मुसाबनी बाजार के दुकानदारों से संबंधित समस्याओं को लेकर उपायुक्त से भी भेंट करेगी।



इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश सचिव राकेश कुमार तिवारी, अवधेश सिंह, सुखदेव सिंह मल्ली, अरुण कुमार सिंह, राकेश साहू, ज्योति मिश्र, अमर कुमार मिश्र, अमरजीत नाथ मिश्र, सन्नी सिंह, शाहनवाज खान, सुरज मुंडा, अजय शर्मा, रंजीत सिंह, शिल्पी चक्रवर्ती, शमशेर आलम, अनिल सिंह और मनोज उपाध्याय शामिल थे।

Leave a Comment