पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की बैठक में संगठन सृजन और जनसंवेदना पर जोर, जनता की समस्याओं को लेकर आंदोलन का आह्वान

SHARE:

जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम), 2 जून: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार जुगसलाई के गौरीशंकर रोड स्थित नसीम पैलेस में संगठन सृजन अभियान के तहत एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखण्ड कार्यकारी अध्यक्ष इरसाद हैदर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए आनन्द बिहारी दुबे ने कहा कि संगठन को प्रखण्ड और मण्डल स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में सभी कार्यकर्ताओं को गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाया जाए और प्रशासनिक स्तर पर समाधान हेतु आंदोलन चलाया जाए। श्री दुबे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र की समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित अधिकारियों को मांग पत्र सौंपें और यदि समाधान न हो तो जन आंदोलन का रास्ता अपनाएं।

उन्होंने कहा कि देशभर में कांग्रेस पार्टी ‘संविधान बचाओ अभियान’, ‘जातीय जनगणना’, और ‘सेना के शौर्य’ को लेकर जनता के बीच जागरूकता अभियान चला रही है, और इसमें हर कार्यकर्ता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक मजबूत जवाब है।

भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप

श्री दुबे ने केंद्र सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग की कमर टूट चुकी है। शिक्षा पर इसका सीधा असर पड़ा है, और अनेक बच्चों की पढ़ाई छूट गई है। अभिभावक बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने में असमर्थ हो चुके हैं।उन्होंने सरकारी उपक्रमों के निजीकरण पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे युवाओं के लिए नौकरी के अवसर कम हो गए हैं। रेलवे में खाली पदों पर भर्ती रोक दी गई है, जिससे बेरोजगार युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। इसके साथ ही उन्होंने रेल और हवाई यात्रा की बढ़ती लागत पर भी आम जनता की परेशानी को उजागर किया।

आजसू नेता का कांग्रेस में स्वागत

इस बैठक के दौरान एक राजनीतिक घटनाक्रम में आजसू पार्टी के नेता और जुगसलाई नगरपालिका मण्डल अध्यक्ष मोहम्मद तनवीर उर्फ राजू ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने उन्हें विधिवत रूप से पार्टी में शामिल कराया। इसे कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

बैठक में अनेक नेता हुए शामिल

बैठक में जिला कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से प्रखण्ड अध्यक्ष कैसर आलम अंसारी, मण्डल 2 अध्यक्ष राजू गद्दी, प्रदेश सचिव के के शुक्ल, जिला महामंत्री ज्योति मिश्र, नलनी सिन्हा, मलखान दुबे, नवनीत मिश्र, रसीद करीम, सरदार हरविंदर सिंह, लालचंद, नज़ीर अब्बास अंसारी, अफसर खान, मुबारक हुसैन, प्रिया रंजन बाजपेई, सोहेल परवेज, मोहम्मद कमरुद्दीन, राजा गद्दी, इकबाल, सरफराज, आलमगीर और मोहम्मद अफरोज शामिल रहे।बैठक के समापन पर उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया और संगठन को और अधिक सक्रिय एवं जनहितैषी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।