राष्ट्रीय सुढ़ी समाज ने RTI कार्यकर्ता कृतिवास मंडल को मिली धमकी पर जताई कड़ी नाराज़गी, प्रशासन को दी चेतावनी – जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन

SHARE:

डीसी और एएसपी को सौंपा गया ज्ञापन, दोषी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग

जमशेदपुर : राष्ट्रीय सुढ़ी समाज ने शुक्रवार को RTI कार्यकर्ता और समाज के केंद्रीय अध्यक्ष श्री कृतिवास मंडल को मिली जान से मारने की धमकी को लेकर प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडे से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपते हुए अज्ञात धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रीय सुढ़ी समाज युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष श्री अजय कुमार मंडल ने किया। उन्होंने बताया कि दिनांक 18 मई 2025 की रात 10:11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर कृतिवास मंडल को धमकी दी गई थी। यह धमकी उस समय दी गई, जब मंडल द्वारा पोटका प्रखंड विकास पदाधिकारी सह जनसूचना पदाधिकारी से RTI के तहत भ्रष्टाचार से जुड़े कई विषयों पर जानकारी मांगी गई थी

प्रशासन की निष्क्रियता पर उठाए सवाल

अजय मंडल ने कहा कि इस गंभीर घटना की शिकायत वरिष्ठ एसपी श्री किशोर कौशल से पहले ही की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जो प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो राष्ट्रीय सुढ़ी समाज राज्यव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

कृतिवास मंडल को दी जाए सुरक्षा: समाज की मांग

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि कृतिवास मंडल को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए, क्योंकि वे न केवल समाज के अध्यक्ष हैं बल्कि एक राजनीतिक कार्यकर्ता एवं सक्रिय RTI एक्टिविस्ट हैं, जिन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ कई खुलासे किए हैं और निरंतर व्यवस्था में पारदर्शिता लाने का प्रयास कर रहे हैं।

लोकतंत्र पर हमला, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर चोट: प्रतिनिधिमंडल

प्रतिनिधियों ने इस धमकी को लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधी चोट बताया और कहा कि ऐसे कार्यों को सहन नहीं किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, कृतिवास मंडल को धमकी देना केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं बल्कि सच्चाई और न्याय की आवाज़ को दबाने का प्रयास है

प्रशासन का आश्वासन, समाज का अल्टीमेटम

जिलाधिकारी और एएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। लेकिन साथ ही, राष्ट्रीय सुढ़ी समाज ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि अगले कुछ दिनों में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो संगठन आंदोलनात्मक राह पर आगे बढ़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और राज्य सरकार की होगी

प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख सदस्य:

  • पंकज मंडल – केंद्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय सुढ़ी समाज
  • डॉ. अनुप कुमार मंडल – केंद्रीय महासचिव
  • श्रीमती सीमा मंडल – महिला जिला अध्यक्ष
  • श्री पुलक मंडल – केंद्रीय सचिव
  • कौशिक मंडल – सह सचिव
  • मनोहर मंडल – युवा प्रकोष्ठ महासचिव
  • कार्तिक लाल, प्रदीप कुमार साहू, मुन्ना मंडल, रंजीत मंडल
  • सुभाष प्रमाणिक एवं राजकुमार दास – नाई समाज से समर्थन में उपस्थित

मुख्य मांगें:

  • धमकी देने वाले की अविलंब पहचान कर गिरफ्तारी
  • कृतिवास मंडल को व्यक्तिगत सुरक्षा प्रदान की जाए
  • प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले और ठोस कदम उठाए
  • अन्यथा आंदोलन के लिए तैयार रहेगा राष्ट्रीय सुढ़ी समाज.