मानगो पेयजल परियोजना के ड्राइंग-डिजाइन में बदलाव की सहमति, एक-एक बूंद का होगा हिसाब
जमशेदपुर। मानगो पेयजल परियोजना के संचालन में वर्षों से चली आ रही अनियमितताओं और पक्षपातपूर्ण जल वितरण पर अब अंकुश लगाया जाएगा। सभी क्षेत्रों में समान और न्यायपूर्ण पेयजल वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को विधायक सरयू राय की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मौजूद अधिकारियों और नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार (दूरभाष के माध्यम से) को निर्देशित किया गया कि पेयजल की एक-एक बूंद का हिसाब रखा जाए। सरयू राय ने स्पष्ट कहा कि अब यह देखा जाएगा कि कितना पानी दिया जा रहा है, कितना राजस्व संग्रह हो रहा है और बाकी पानी आखिर जा कहां रहा है।
ड्राइंग-डिजाइन में होगा बदलाव, रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश
बैठक में सहमति बनी कि मानगो पेयजल परियोजना के शुरुआती ड्राइंग और डिजाइन में बदलाव किया जाएगा ताकि संचालन में पारदर्शिता आए और सभी इलाकों को समान रूप से पानी मिल सके। कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि वे उन इलाकों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें जहाँ पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।
उदाहरणस्वरूप, जोन 6 में पर्याप्त और दीर्घकालिक जलापूर्ति हो रही है, जबकि जोन 1 और 3 में पानी की टंकियां 20-25 मिनट में ही खाली हो जा रही हैं। जोन 4 के समता नगर में स्थिति और भी खराब है, जहाँ एक भी बूंद पानी नहीं पहुँच रही, जबकि विभाग का दावा है कि वहां जल आपूर्ति हो रही है।

प्रयोगशाला में जल गुणवत्ता परीक्षण, संतोषजनक रिपोर्ट
बैठक के उपरांत आदित्यपुर स्थित पेयजल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया गया। यहाँ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाले जल के नमूनों की जांच की गई, जिसमें पेयजल की गुणवत्ता को संतोषजनक पाया गया।
नया मोटर पंप खरीदा जाएगा, निविदा आमंत्रित
प्रोजेक्ट के संचालन में सुधार लाने हेतु नया मोटर पंप खरीदने की प्रक्रिया शुरू की गई है। कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि मोटर खरीदने के लिए निविदा जारी की जा चुकी है।
राइजिंग पाइपलाइन जोड़ने का प्रस्ताव
बैठक में यह सुझाव भी आया कि जोन 4 और 6 में एक नई राइजिंग पाइपलाइन जोड़ी जाए, जिससे वितरण में सुधार हो सके। यह स्पष्ट किया गया कि यदि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से समान रूप से जलापूर्ति हो, तो किसी क्षेत्र को जल संकट नहीं झेलना पड़ेगा।
इस बैठक में कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार, पवन सिंह, संतोष भगत और पिंटू सिंह उपस्थित थे। सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जल वितरण में किसी भी प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।











