कोल्हान की शान बनी रानी कुमारी, मैट्रिक परीक्षा में 96.6% अंक के साथ बनीं थर्ड टॉपर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

इंजीनियर बनकर देश की सेवा करने का है सपना, मेहनत और आत्मनिर्भरता से रची सफलता की कहानी

जमशेदपुर। बर्मामाइंस स्थित सिस्टर निवेदिता गर्ल्स हाई स्कूल की मेधावी छात्रा रानी कुमारी ने झारखंड मैट्रिक बोर्ड परीक्षा 2025 में 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कोल्हान प्रमंडल की तीसरी टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। रानी की इस शानदार उपलब्धि ने न सिर्फ उनके विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम और समर्पण से हर बाधा को पार किया जा सकता है।

रानी को अंग्रेजी और सामाजिक विज्ञान में 99 अंक, गणित में 97, विज्ञान में 98 और हिंदी में 88 अंक प्राप्त हुए हैं। रानी ने बताया कि वह भविष्य में इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं और इसके लिए उन्होंने आगे की पढ़ाई भी शुरू कर दी है।

रानी एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता किशोर कुमार बर्मामाइंस के दास टिंबर में मजदूरी करते हैं और माता सोनी देवी एक गृहिणी हैं। रानी ने कहा कि उनके पिता ने कभी उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। “मेरी सफलता के पीछे मेरे माता-पिता का बहुत बड़ा योगदान है। उनकी प्रेरणा और सहयोग से ही आज मैं इस मुकाम तक पहुंची हूं,” उन्होंने भावुक होते हुए कहा।

रानी ‘अर्पण क्लासेज’ में ट्यूशन लेती थीं और स्कूल के साथ-साथ ट्यूशन की पढ़ाई के अलावा रोजाना छह घंटे सेल्फ स्टडी करती थीं। छुट्टियों में वह दस घंटे तक पढ़ाई करती थीं। पढ़ाई के साथ मानसिक ताजगी बनाए रखने के लिए वह स्टोरी बुक्स और अखबार पढ़ना पसंद करती थीं।रानी चार भाई-बहनों में एक हैं। उनकी एक बड़ी बहन, दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई है।

रानी ने अपने जूनियर्स को संदेश दिया कि “मन लगाकर नियमित रूप से पढ़ाई करें और रिवीजन को कभी नजरअंदाज न करें। मेहनत का फल जरूर मिलता है।”रानी कुमारी की यह सफलता तमाम छात्रों के लिए एक प्रेरणा है, विशेष रूप से उन बच्चों के लिए जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का हौसला रखते हैं।

The specified slider id does not exist.