मानगो पेयजल परियोजना के आरंभिक ड्राइंग-डिजाइन में परिवर्तन की सहमति, पानी के एक-एक बूंद का हिसाब रखें – सरयू राय

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मानगो पेयजल परियोजना में वर्षों से जारी पक्षपातपूर्ण पेयजल वितरण पर अब रोक लगेगी। सभी इलाकों में समान रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु परियोजना के परिचालन में व्याप्त खामियों को दूर करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में बुधवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यालय में विधायक सरयू राय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।



बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार भी दूरभाष के माध्यम से शामिल हुए। चर्चा के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि मानगो के कुछ क्षेत्रों में पानी आवश्यकता से अधिक आपूर्ति हो रही है, जबकि कुछ इलाकों में पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है। विधायक सरयू राय ने उप नगर आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिया कि निगम में पंजीकृत प्रत्येक उपभोक्ता के जल उपयोग का ब्योरा तैयार करें और यह बताएं कि कितना राजस्व संग्रह हो रहा है तथा शेष जल कहां व्यय हो रहा है। उन्होंने कहा कि पानी की एक-एक बूंद का हिसाब रखा जाए।



बैठक में कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार ने जानकारी दी कि मानगो पेयजल परियोजना की मौजूदा संरचना में तकनीकी त्रुटियों के कारण आपूर्ति में असंतुलन बना हुआ है। इस समस्या के समाधान हेतु परियोजना के प्रारंभिक ड्राइंग व डिजाइन में आवश्यक बदलाव की सहमति दी गई।



विशेष रूप से जोन संख्या 6 में अत्यधिक मात्रा में पानी पहुंच रहा है, जबकि जोन 1, 3 और 4 में गंभीर जल संकट बना हुआ है। समता नगर में तो कई हिस्सों में एक बूंद पानी तक नहीं पहुंच रहा। संबंधित कनीय अभियंताओं को इन क्षेत्रों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।



इसी क्रम में जमशेदपुर प्रमंडल के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से आदित्यपुर स्थित जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण भी किया गया। वहां यह संतोषजनक पाया गया कि फिलहाल आपूर्ति किया जा रहा पेयजल गुणवत्ता मानकों पर खरा उतर रहा है। बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि आवश्यकता के अनुसार एक नई मोटर पंप की खरीद की जाएगी, जिसकी प्रक्रिया के तहत निविदा आमंत्रित की जा चुकी है। इस महत्वपूर्ण बैठक में कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार के साथ पवन सिंह, संतोष भगत और पिंटू सिंह भी मौजूद थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.