Seraikela DC : नीतीश कुमार सिंह बने सरायकेला जिले के नए उपायुक्त, यूपीएससी में ला चुके हैं 23वां रैंक

SHARE:

Seraikela :  झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले को नया उपायुक्त मिल गया है। आईएएस नीतीश कुमार सिंह को जिले की प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। नीतीश कुमार सिंह वर्ष 2017 की संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में 23वीं रैंक प्राप्त कर सुर्खियों में आए थे।

नीतीश कुमार सिंह मूल रूप से पलामू जिले के पांकी प्रखंड स्थित नीमाचक पथरा गांव के निवासी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा भवनाथपुर से प्राप्त की, जबकि 12वीं की पढ़ाई बोकारो स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) से की। इसके बाद उन्होंने प्रतिष्ठित आईआईटी धनबाद से बीटेक की डिग्री हासिल की।

उनके पिता प्रयाग सिंह, बोकारो स्टील प्लांट में सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि उनकी माता इंदिरा देवी एक गृहिणी हैं। नीतीश कुमार सिंह न सिर्फ एक मेधावी अधिकारी हैं, बल्कि उनका झुकाव समाज सेवा की ओर भी रहा है। ग्रेजुएशन के दौरान वह गरीब बच्चों को पढ़ाया करते थे, जो आज भी उनकी प्रेरणादायी छवि को दर्शाता है।

सरायकेला जिले में उनके उपायुक्त बनने से प्रशासनिक स्तर पर नई ऊर्जा और पारदर्शिता की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें