Jamshedpur : जनता की पुकार जहां से आती है, वहां जनता की आवाज़ बुलंद करने शुभम सिन्हा पहुंचते हैं। इसी भावना के साथ समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव सह युवजन सपा के प्रवक्ता शुभम सिन्हा आज सुबह बिरसानगर नगर बस्ती पहुंचे। लगातार तीन दिनों से यहां के लोगों के फोन और शिकायतें मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से मुलाकात की।

स्थानीय जनता ने बताया कि ठेकेदार आशुतोष द्वारा अधूरे और घटिया गुणवत्ता के फुटपाथ का निर्माण कराया गया है। टाइल्स की गुणवत्ता इतनी खराब है कि दुर्घटना की आशंका बनी हुई है, खासकर छोटे बच्चों के लिए जो दिन में कई बार इस रास्ते से गुजरते हैं।

शुभम सिन्हा ने इस मुद्दे पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि “पूर्वी विधायक की गरिमा बनी रहनी चाहिए और उनके नाम पर भय फैलाना लोकतंत्र का अपमान है।” उन्होंने यह भी कहा कि ठेकेदार द्वारा विधायक के नाम का इस्तेमाल कर बस्तीवासियों में डर का माहौल बनाना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने जिला उपायुक्त से अपील की कि इस तरह के भ्रष्ट ठेकेदार का लाइसेंस रद्द किया जाए और अविलंब बस्ती के फुटपाथ का मानक के अनुसार पुनर्निर्माण कराया जाए।

शुभम सिन्हा ने ठेकेदार को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा अगर इस समयावधि में काम पूरा नहीं हुआ, तो पूरे बस्तीवासी जिला उपायुक्त कार्यालय का रुख करेंगे और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे। इस दौरे में शुभम सिन्हा के तेवरों से स्पष्ट है कि वे जनता के सवालों पर कोई समझौता नहीं करना चाहते और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए हैं।










