विधायक मंगल कालिंदी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात, बोड़ाम और पटमदा की 23 सड़कों के निर्माण को लेकर सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!


जनहित में शीघ्र कार्रवाई का मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन, क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक और पहल

रांची/जमशेदपुर। जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से विधायक मंगल कालिंदी ने आज रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बोड़ाम एवं पटमदा प्रखंड के अंतर्गत आने वाली 23 प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने हेतु एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

विधायक द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में इन सभी सड़कों को ग्रामीणों के लिए अत्यंत आवश्यक बताया गया है, जिससे क्षेत्र में आवागमन, व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच में सुधार होगा। ज्ञापन के माध्यम से विधायक ने मुख्यमंत्री से इन योजनाओं को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायक की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए उन्हें जनहित में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है, और बोड़ाम व पटमदा जैसे सीमावर्ती और संसाधनविहीन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है।

विधायक मंगल कालिंदी ने मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कहा, जुगसलाई विधानसभा की जनता की समस्याओं को दूर करना मेरी प्राथमिकता है। हम क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। सड़क, पुलपुलिया और आधारभूत संरचना का जाल बिछाया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को सुविधाजनक जीवन मिले उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीणों की आवश्यकताओं और इच्छाओं के अनुरूप योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिससे विकास कार्य ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से उतर सकें।

The specified slider id does not exist.