Jharkhand weather update झारखंड में फिर बढ़ेगी ठंड, अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना

Share करें

✓ Link copy हो गया!

24 जनवरी तक मौसम स्थिर, इसके बाद बदलेगा मिजाज

रांची: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने झारखंड में एक बार फिर ठंड बढ़ने की संभावना जताई है। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की उम्मीद है। हालांकि, 24 जनवरी तक राज्य के मौसम में खास बदलाव नहीं होगा। 25 और 26 जनवरी को कई जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश होने का अनुमान है।

इन जिलों में दिखेगा तापमान में अंतर

गुरुवार को झारखंड के गुमला में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। जमशेदपुर और बोकारो में भी तापमान क्रमशः 12.8 डिग्री और 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि 24 जनवरी तक तापमान स्थिर रहेगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। IMD के अनुसार, रांची का न्यूनतम तापमान 25 जनवरी को 11 डिग्री और 26 जनवरी को 10 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।

बारिश और ठंड का असर रहेगा

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इसके साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है। ठंड बढ़ने की संभावना को देखते हुए राज्य प्रशासन ने अलाव और कंबल वितरण की व्यवस्था की है।

ठंड से राहत के लिए कंबल और अलाव की व्यवस्था

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने ठंड से बचाव के लिए बेघर लोगों को कंबल वितरित किए। अल्बर्ट एक्का चौक, काली मंदिर चौक, डेली मार्केट पार्किंग, और दुर्गा मंदिर रतू रोड जैसे स्थानों पर कंबल बांटे गए। इसके अलावा, जिले के सभी प्रमुख चौराहों और प्रखंडों में अलाव की व्यवस्था की गई है।

 

 

 

 

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.