Adityapur : Punjab National Bank ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटीआई), सरायकेला द्वारा आयोजित 14 दिवसीय ज्वेलरी मेकिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी प्रतिभागियों को संस्थान की ओर से प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
संस्थान के निदेशक उमा शंकर तांती ने सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केवल प्रशिक्षण प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सीखे गए कौशल को व्यवसाय में बदलकर आत्मनिर्भर बनना ही वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया कि वे बैंक से ऋण सुविधा लेकर अपना स्वयं का उद्यम शुरू करें और स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनें।
कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्य शैलेंद्र गोप, गोबिंद राय, दिलीप आचार्य, इंद्रजीत कैबत एवं द्रौपदी महतो विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार की गई ज्वेलरी की सराहना की और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने के व्यावहारिक सुझाव दिए।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज की मुख्यधारा में अपनी सशक्त भूमिका निभा सकें।









