सरायकेला में पशु तस्करी का भंडाफोड़, जंगल से 70 जोड़ी बैल बरामद — दलभंगा ओपी पुलिस को बड़ी सफलता

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सरायकेला-खरसावां। जिले की दलभंगा ओपी पुलिस ने पशु तस्करी के नेटवर्क पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 जोड़ी बैलों को बरामद किया है। यह कार्रवाई एसपी मुकेश कुमार लुनायत को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद एसडीपीओ समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर जंगल क्षेत्र में छापेमारी की गई।

जंगल के रास्ते होती थी मवेशियों की तस्करी

सूत्रों के अनुसार पशु तस्कर लंबे समय से पश्चिमी सिंहभूम जिले से बंगाल की ओर जंगल के रास्ते मवेशियों की तस्करी कर रहे थे। इस बार भी तरम्बा के जंगलों से तस्कर बैलों को लेकर जा रहे थे, जिसे पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि यह बरामदगी सियाडीह-तरम्बा क्षेत्र से की गई है, जहां से ये बैल राड़गांव होते हुए बंगाल की सीमा में प्रवेश कराने की योजना थी।

एसआईटी टीम ने की बड़ी कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई को एसआईटी टीम ने अंजाम दिया, जो लगातार इन तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। हालांकि अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान भी सामने नहीं आया है।



स्थानीय सहयोग पर भी सवाल, ग्रामीणों की भूमिका संदिग्ध

पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस तरह की तस्करी में स्थानीय सहयोग के बिना संभव नहीं है। पिछले साल कुचाई थाना क्षेत्र से भी 40 जोड़ी बैलों की बरामदगी हुई थी, जिससे यह साफ है कि यह इलाका पशु तस्करों के लिए एक सुरक्षित मार्ग बन चुका है। ऐसे में स्थानीय ग्रामीणों की भूमिका भी जांच के घेरे में है।

लगातार बढ़ रही तस्करी की घटनाएं, पुलिस चौकस

पिछले कुछ वर्षों से झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में पशु तस्करी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस प्रशासन अब इस पूरे रैकेट को तोड़ने के लिए सघन अभियान चला रहा है। दलभंगा ओपी पुलिस की यह कार्रवाई उसी रणनीति का हिस्सा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें