सरायकेला-खरसावां जिला स्थापना के 24 साल पूरे, उत्साहपूर्वक मनाया गया स्थापना दिवस

Share करें

✓ Link copy हो गया!



सरायकेला, 30 अप्रैल 2025:
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले को अलग प्रशासनिक इकाई बनाए जाने के 24 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से जिले का 24वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को स्मरण करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

झारखंड के महान विभूतियों को किया गया नमन

स्थापना दिवस की शुरुआत जिले के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत द्वारा बिरसा चौक, जिला समाहरणालय परिसर और सीदो-कान्हू पार्क में स्थित भगवान बिरसा मुंडा और सीदो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इन वीर महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए अधिकारियों ने उन्हें प्रेरणा का स्रोत बताया।

जनहित और विकास की दिशा में संकल्पबद्ध प्रशासन

उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने इस अवसर पर जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि,
“सरायकेला-खरसावां को एक अलग जिले के रूप में कल्पना करने के पीछे जो पुण्य उद्देश्य थे, उन्हें आज फिर से स्मरण करने और धरातल पर उतारने की आवश्यकता है। जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पायदान तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है।”

वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने भी जनता को संबोधित करते हुए कहा,
“प्रशासन जनता की सेवा के लिए हर समय तत्पर है। जिले के नागरिक जहां भी हों, अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करें।”

अधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी

इस अवसर पर डीडीसी आशीष अग्रवाल, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार महतो समेत जिले के कई अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में जिले के समावेशी विकास और नागरिकों की भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।



Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें