भाजपा जमशेदपुर के नेताओं ने दिवंगत क्षत्रिय करणी सेना झारखंड के अध्यक्ष विनय सिंह के घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur :क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय विनय सिंह के असामयिक निधन के बाद शोक की लहर है। इसी कड़ी में भाजपा जमशेदपुर महानगर का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को मानगो स्थित उनके आवास पहुंचा और परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

प्रतिनिधिमंडल में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए स्व. विनय सिंह के योगदान को याद किया और उनके परिवार को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।



इस दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा, “विनय सिंह की हत्या ने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया है। भाजपा परिवार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिजनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।”

उन्होंने प्रशासन से इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम सजा देने की मांग की। भाजपा का आरोप है कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से यह भी मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर साजिशकर्ताओं को भी बेनकाब किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।



Leave a Comment

The specified slider id does not exist.