जलापूर्ति योजना की धीमी प्रगति पर भड़के कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, कार्य की गुणवत्ता और गति पर उठाए सवाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!



Bagbera :पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने बागबेड़ा ग्रामीण वृहद जलापूर्ति योजना के तहत चल रहे कार्यों का मुआयना किया और कार्य की धीमी गति व गुणवत्ता पर गंभीर नाराजगी जताई। दौरे के दौरान दुबे ने कार्यस्थल पर मौजूद कनीय अभियंता शिवानंद बेदिया से विस्तार से जानकारी ली और विभाग द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों की याद दिलाई।

काम की गति और गुणवत्ता से असंतुष्ट दिखे जिलाध्यक्ष

दुबे ने बताया कि विभाग ने दो माह में जलापूर्ति शुरू करने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान प्रगति को देखकर यह वादा कोरी कल्पना प्रतीत हो रही है। उन्होंने बड़ौदा घाट स्थित खरकाई नदी के उस पार पाइपलाइन अधिष्ठापन स्थल का निरीक्षण किया, जहां पाया गया कि पिलर और बेरिंग का काम तो पूरा हो गया है, लेकिन पाइपलाइन अभी तक स्थापित नहीं की गई है।

साइट पर उपकरणों की कमी पर जताई आपत्ति

जिलाध्यक्ष ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पाइपलाइन को सिर्फ 500 एमएम गहराई में बिछाया जा रहा है और उसके नीचे कोई भी सुरक्षात्मक सामग्री जैसे बालू की परत नहीं डाली गई है, जिससे भविष्य में पाइपलाइन को नुकसान हो सकता है। इसके अलावा, लेवलिंग और मेजरमेंट के उपकरण भी साइट पर नहीं थे, जिससे पाइपलाइन को समतल और सीधा बिछाना संभव नहीं हो पाएगा।

कार्यपालक अभियंता से मोबाइल पर वार्ता, सुधार का आश्वासन

उन्होंने दौरे के दौरान कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार से मोबाइल पर बात कर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। अभियंता ने चूक को स्वीकारते हुए आश्वासन दिया कि तुरंत सभी तकनीकी खामियों को दूर किया जाएगा और कार्य को एस्टीमेट के मापदंडों के अनुसार ही पूरा किया जाएगा।

कांग्रेस की चेतावनी : गुणवत्ता नहीं सुधरी तो होगा आंदोलन

आनंद बिहारी दुबे ने स्पष्ट किया कि यदि कार्य की गति और गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ, तो कांग्रेस जल्द ही पेयजल मंत्री से मिलकर स्थिति से अवगत कराएगी और जनहित में बड़ा आंदोलन भी करेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना 21 पंचायतों की घनी आबादी को ध्यान में रखकर बनी है और यदि समय पर जल आपूर्ति शुरू नहीं हुई, तो जनता को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा।

दौरे में कई कांग्रेस पदाधिकारी रहे शामिल

इस दौरे में जमशेदपुर ग्रामीण प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर, बागबेड़ा मंडल अध्यक्ष राज नारायण यादव, टाटानगर मंडल अध्यक्ष मुन्ना मिश्रा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिन्हा, जिला प्रवक्ता कुमार गौरव, राजकुमार वर्मा, शफी अहमद खान, अनिरुद्ध कुमार पुरी सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने जलापूर्ति योजना की प्रगति पर गंभीर चिंता जताई और इसे जनता के हित से जुड़ा मुद्दा बताया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें