
आदित्यपुर : युवा जनशक्ति मोर्चा द्वारा आगामी 7 जून को सुबह 10 बजे से आकाशवाणी चौक, आदित्यपुर के समक्ष धरना एवं उपवास कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई है। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय झा ने बताया कि संगठन सम्मान, स्वाभिमान और जनता के अधिकारों की लड़ाई के लिए लगातार संघर्षरत रहा है। इसी क्रम में क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जाएगा।
अभय झा ने बताया कि मोर्चा की प्रमुख मांगों में फुटपाथी दुकानदारों के लिए स्थायी दुकान की व्यवस्था, नगर निगम के सभी 35 वार्डों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और नियमित डॉक्टरों की उपलब्धता, 24 घंटे निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा तथा आदित्यपुर में 200 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा निजी अस्पतालों में गरीबों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने और प्रत्येक वार्ड में खेल मैदान विकसित करने की भी मांग की गई है।
मोर्चा ने दिंदली हाट के निर्माण, नियमित साफ-सफाई, सीवरेज एवं स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, निजी स्कूलों में गरीब बच्चों के निःशुल्क नामांकन, हाईमास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी उठाई है। साथ ही नशाखोरी पर रोक लगाने के लिए विजिलेंस टीम के गठन, नगर निगम के ऑडिट को सार्वजनिक करने, राशन दुकानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान और टाउन बस सेवा को सभी जिलों तक विस्तारित करने की मांग भी रखी गई है।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नगर निगम क्षेत्र की आम जनता से इस जनहित आंदोलन में शामिल होकर क्षेत्र के विकास की लड़ाई को मजबूत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए यह आंदोलन निर्णायक साबित होगा।









